पानी भरी बाल्टी में डूबकर मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now

मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र स्थित मझिगवां मतवार गांव में सोमवार को पानी भरी बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बच्चे को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मझिगवां मतवार गांव निवासी अरुण का डेढ़ वर्षीय पुत्र अंकित सोमवार दोपहर घर में अपनी दादी सुगनी के पास खेल रहा था। नींद आने पर दादी साे गई और इस बीच मासूम बच्चा प्यास लगने पर वह गिलास लेकर पानी पीने के लिए घर में रखी भरी बाल्टी के पास पहुंच गया। पानी निकालने के दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह सिर के बल बाल्टी के अंदर गिर गया। बाल्टी में पानी भरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।

घटना के समय बच्चे के माता-पिता खेत में सरसों की कटाई करने गए थे। करीब एक घंटे बाद जब पिता अरुण और माता राजकुमारी घर लौटे तो बच्चे को बाल्टी में पड़ा देख उनके होश उड़ गए। परिजन तत्काल उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि डेढ़ वर्षीय बालक की बाल्टी में भरे पानी में डूबने से मौत हुई है। वहीं थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। ग्राम प्रधान लाल बहादुर पाल ने भी बाल्टी के पानी में डूबने से बच्चे की मौत की पुष्टि की है। परिजन ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story