मीरजापुर में सड़क किनारे कार से उतरते ही मासूम को वाहन ने रौंदा, मौत
मीरजापुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के भावा बाजार में शुक्रवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी शानवी अपने माता-पिता के साथ कार से अटारी गांव स्थित ननिहाल जा रही थी। बताया गया कि भावा बाजार में सामान खरीदने के लिए कार सड़क किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान बालिका कार का दरवाजा खोलकर नीचे उतर गई। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजन गंभीर रूप से घायल बालिका को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. संतलाल ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के साथ ही मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

