जोगियादरी में बनेगा चेक डैम, डीएम ने सर्वे और एस्टीमेट जल्द तैयार करने के दिए निर्देश
- मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय का भी किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने की चेतावनी
मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। जनपद में जल संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मंगलवार को जोगियादरी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित चेक डैम निर्माण स्थल का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर स्थल का सर्वे कर मैप तैयार करने और सीपेज की संभावना का परीक्षण करते हुए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, अधिशासी अभियंता एमसीडी को चेक डैम निर्माण का विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) शीघ्र तैयार करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता एमसीडी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय पहुंचकर निर्माणाधीन एडमिन ब्लॉक तथा एकेडमिक ब्लॉक-ए और बी का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और अधिकारियों को निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग करने तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़ी सभी परियोजनाएं गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए। उन्होंने ग्रेनाइट, टाइल्स, लेक्चर रूम और पौधरोपण सहित अन्य कार्यों को भी बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

