चन्दौली में निर्माणाधीन रेल उपरिगामी सेतु का कंक्रीटिंग करते समय स्लैब का आंशिक भाग क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now

-लापरवाही पर ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

-तीन दिवस के भीतर अपनी जाँच आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश

लखनऊ, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद चन्दौली में डीएफसीसी रूट के मुगलसराय–गया रेल सेक्शन पर स्थित सम्पार संख्या 78सी पर निर्माणाधीन 02 लेन रेल उपरिगामी सेतु का कार्य ईपीसी मोड पर कॉन्ट्रेक्टर मेसर्स श्रेष्ठाभिषेक बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड रामपुर से कराया जा रहा है।

18 मार्च को बनौली खुर्द साइड में एबटमेंट ए-दो तथा पियर पी-छह के मध्य डेक स्लैब के कंक्रीट का कार्य प्रगति पर था। रात्रि लगभग 11:00 बजे कंक्रीट कार्य के दौरान हाइड्रा का बूम स्टेजिंग से टकरा गया, जिससे स्टेजिंग सहित निर्माणाधीन स्लैब का एक भाग क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

इस संबंध में एमडी सेतु निगम ने बताया कि घटना में पाई गई लापरवाही एवं समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित न किए जाने के दृष्टिगत विभाग द्वारा संबंधित कॉन्ट्रेक्टर मेसर्स श्रेष्ठाभिषेक बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड रामपुर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करा दी गई है।

प्रबन्ध निदेशक, उ०प्र० राज्य सेतु निगम लिमिटेड ने उक्त सेतु कार्य पर तैनात प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर अवर अभियन्ता (सिविल) को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। साथ ही सहायक अभियन्ता एवं परियोजना प्रबन्धक चंदौली के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई है।

इसके अतिरिक्त, क्षतिग्रस्त निर्माण भाग की विस्तृत जाँच के संयुक्त प्रबन्ध निदेशक (मुख्य अभियन्ता-लोक निर्माण विभाग) की अध्यक्षता में त्रिसदस्यीय तकनीकी समिति का गठन किया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि वह कार्यस्थल का गहन तकनीकी निरीक्षण कर तीन दिवस के भीतर अपनी जाँच आख्या प्रस्तुत करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story