जनगणना प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों पर होगी एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now

फिरोजाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में चल रहे तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सोमवार को बेहद सख्त रुख अख्तियार करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए है।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विशु राजा ने प्रशिक्षण सत्र से अनुपस्थित रहने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण के प्रथम दिन ही सभी कार्मिकों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई थी, साथ ही उन्हें अवगत कराया गया था कि जनगणना जैसा राष्ट्रीय कार्य अनिवार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की अनुपस्थिति या लापरवाही पाए जाने पर सीधे जनगणना अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा, प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य कार्य को त्रुटिहीन बनाना है, ऐसे में अनुपस्थिति सीधे तौर पर कार्यों में बाधा डालने के समान है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story