सीबीआई के पूर्व निदेशक एम. नागेश्वर राव बने सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
सीबीआई के पूर्व निदेशक एम. नागेश्वर राव बने सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष


वाराणसी, 03 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी के भेलूपुर में एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीबीआई के पूर्व निदेशक एम. नागेश्वर राव को सर्वजन सनातन पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया। चार दशक तक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रशासन के क्षेत्र में कार्य करने के बाद सक्रिय राजनीति में प्रवेश को उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की नई जिम्मेदारी बताया।

सीबीआई के पूर्व निदेशक एम. नागेश्वर राव ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से देखने के बाद अब वे अपने अनुभव को राष्ट्र और समाज के व्यापक हित में लगाने के लिए सक्रिय राजनीति में आए हैं। “सत्य सनातन, नित्य नूतन” केवल नारा नहीं, बल्कि उनकी दृष्टि का मूल आधार है। उनके अनुसार सनातन केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय, करुणा और लोककल्याण की जीवन-दृष्टि है।

एम. नागेश्वर राव ने कहा कि भारत को आधुनिकता, विज्ञान, तकनीक और आर्थिक विकास में आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन इस विकास के साथ अपनी सभ्यता, संस्कृति, इतिहास और ज्ञान-परम्पराओं की जड़ों से जुड़े रहना भी आवश्यक है। हम आधुनिक भारत बनाएं, लेकिन अपनी जड़ों से कटकर नहीं। विकास की यात्रा में अपनी सभ्यता को भूलना नहीं है। आने वाली पीढ़ियों को यह बोध होना चाहिए कि वे किस महान सभ्यतागत परंपरा के उत्तराधिकारी हैं।

काशी को अपनी नई राजनीतिक यात्रा की शुरुआत का केंद्र बताते हुए उन्होंने कहा कि काशी भारत की उस सभ्यतागत निरंतरता का प्रतीक है, जिसने समय के अनेक बदलावों के बावजूद अपनी मूल चेतना को जीवित रखा है।

इस अवसर पर सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत तीर्थानंद, उपाध्यक्ष रितु राठौड़, महासचिव राजा सक्षम सिंह योगी, प्रवक्ता बबीता शर्मा, उत्तर प्रदेश प्रभारी राकेश तिवारी, संगठन मंत्री नर नारायण सिंह मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761074 Articles

Share this story