मीरजापुरः शिकायत पर जांच करने गो आश्रय स्थल पहुंचे अफसर, 343 गोवंश मिले सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः शिकायत पर जांच करने गो आश्रय स्थल पहुंचे अफसर, 343 गोवंश मिले सुरक्षित


मीरजापुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में हलिया विकास खंड के गोरगी ग्राम पंचायत के बड़ौही स्थित गो आश्रय स्थल में अव्यवस्था और गोवंश को जंगल में छोड़ने की शिकायत के बाद पशु चिकित्साधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में आश्रय स्थल पर सभी 343 गोवंश मौजूद मिले। चिकित्साधिकारी ने गोवंश को स्वस्थ बताते हुए कर्मचारियों को उनकी समुचित देखभाल के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान रमेश कुमार मौर्य ने मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आश्रय स्थल में सरकारी धन के दुरुपयोग, पानी व सफाई की कमी और संस्था द्वारा गोवंश को जंगल में छोड़ने का आरोप लगाया था। शिकायत को संज्ञान में लेकर चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की पड़ताल की और पशु आहार के स्टॉक का भी सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान गोवंश चरी में भूसा खाते मिले। आश्रय स्थल के संचालक प्रमोद सिंह ने बताया कि यहां 343 गोवंश हैं। हाल में हुई मूसलाधार बारिश से परिसर में कीचड़ और दलदल हो गया था, जिससे रात में पशुओं को बैठने में परेशानी हो रही थी। इसके लिए आश्रय स्थल के बगल में लोहे की जाली से घेरकर सूखा स्थान तैयार किया गया है। चारा खिलाने के बाद गोवंश को इसी स्थान पर रखा जा रहा है। देखभाल और नियमित सफाई के लिए आठ सेवादार लगाए गए हैं।

पशु चिकित्साधिकारी ने हरा चारा, भूसा, चूनी-भूसी और पर्याप्त पशु आहार उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि गोवंश की देखभाल में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आश्रय स्थल का संचालन ग्राम पंचायत के बजाय काशी गो सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है और गोवंश के उपचार व देखभाल की नियमित व्यवस्था है।

बोलेरो की टक्कर से बछड़ा घायल, चालक फरार

वहीं एक घटना में हलिया थाना क्षेत्र के हथेड़ा गुलाब चौराहा पर गुरूवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने बछड़े को टक्कर मार दी। हादसे में बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर हलिया गौ रक्षक टीम के विक्कू तिवारी, राहुल दुबे, शुभम यादव, रतन पुरोहित, धर्मेंद्र दुबे, शिवम गिरि, शुभम पुरी और टुई लाल मौके पर पहुंचे। टीम ने पशुधन प्रसार अधिकारी विनय यादव को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे अधिकारी ने घायल बछड़े का उपचार कर दवा दी। गौ रक्षक टीम घायल गोवंश की देखभाल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story