कैशलेस उपचार को लेकर बीएचयू और एपेक्स हॉस्पिटल में समझौते पर हुए हस्ताक्षर

WhatsApp Channel Join Now
कैशलेस उपचार को लेकर बीएचयू और एपेक्स हॉस्पिटल में समझौते पर हुए हस्ताक्षर


वाराणसी, 02 जुलाई (हि. स.)। आईआईटी बीएचयू, महामना कैंसर संस्थान बीएचयू और होमीभाभा के कर्मचारियों को पहले से ही कैशलेस उपचार सुविधा प्रदान कर रहे वाराणसी के भिखारीपुर स्थित एपेक्स हॉस्पिटल के साथ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने अपने कर्मचारियों, उनके आश्रितों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सीजीएचएस पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। केंद्रीय रजिस्ट्री में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव तथा एपेक्स हॉस्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देवेन्द्र सिंह द्वारा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

बीएचयू चिकित्सा संस्थान के पूर्व छात्र होने के नाते एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने कहा कि बीएचयू के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और सहज चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करना एपेक्स हॉस्पिटल के लिए केवल दायित्व ही नहीं, बल्कि सम्मान का विषय है। अपने ही विश्वविद्यालय परिवार की सेवा करने का यह अवसर उनके लिए विशेष आत्मीयता और गर्व से भरा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story