लोक अदालत में निपटे एमवी एक्ट के 135 मुकदमे, 1.19 लाख रुपये जुर्माना वसूला
मीरजापुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। मुकदमों की लंबी प्रक्रिया, अदालतों के चक्कर और तारीखों के इंतजार से राहत दिलाने की पहल रंग लाने लगी है। मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद न्यायालय में विशेष लोक अदालत लगी तो एक ही दिन में 135 मामलों का बोझ कम हो गया। किसी को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली तो किसी ने जुर्माना जमा कर मामले का निस्तारण कराया। विशेष लोक अदालत में कुल 1,19,300 रुपये जुर्माने की वसूली भी की गई। संदेश साफ है, आपसी सहमति और विधिक प्रक्रिया से विवादों का समाधान हो तो न्याय की राह आसान हो सकती है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश और जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के आदेश पर आयोजित विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता से लिया गया। ई-विधिक सेवा और पेमेंट सेतु के माध्यम से जुर्माने की धनराशि जमा कराई गई। कुल 135 वादों का निस्तारण कर वादकारियों को राहत पहुंचाई गई।
प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी संतोष कुमार गौतम ने बताया कि विशेष लोक अदालत का मकसद लंबित मामलों का सुलह-समझौते और विधिक प्रक्रिया के माध्यम से त्वरित निस्तारण करना है। इससे आम नागरिकों को कम खर्च में सरल और सुलभ न्याय मिलता है। लोक अदालत ऐसी व्यवस्था है, जहां आपसी सहमति से विवाद खत्म कर समय और संसाधनों की बचत की जा सकती है।
12 दिसंबर को फिर खुलेगा समाधान का रास्ता
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार ने लोगों से अपील की कि 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं। लंबित मुकदमों के साथ प्री-लिटिगेशन मामलों को भी आपसी सहमति से निस्तारित कराएं। इससे विवादों को लंबा खिंचने से पहले ही समाधान मिल सकेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

