हाइवे पर दौड़ती ईको कार में लगी आग, फायर टीम ने पाया काबू, यात्री सुरक्षित
फिरोजाबाद, 16 मार्च (हि.स.)। थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत रविवार देर रात्रि मथुरा दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ईको कार में अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर टीम ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि ईको सवार सभी लोग सकुशल है।
थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत गांव मोहम्दाबाद के समीप हाइवे पर रविवार देर रात्रि उस समय अफरा तफरी मच गई। जब अचानक हाईवे पर दौड़ती एक ईको कार के पहिए से अचानक आग की जोरदार लपटें उठने लगी। यह देख लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर ईको चालक ने तत्काल गाड़ी को रोका। वही ईको सवार लोगों ने भी बिना किसी देरी के खुद को गाड़ी से निकालकर सुरक्षित किया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना टूंडला पुलिस के साथ फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर टीम ने तत्काल आग पर काबू पाया। गाड़ी को थाना बसई मोहम्मदपुर के गांव बरगदपुर निवासी करन सिंह चला रहे थे। उन्होंने बताया कि वह सवारियों को मथुरा दर्शन कराकर वापस फिरोजाबाद लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं है सभी लोग सुरक्षित है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

