विश्व कैंसर दिवस पर 1090 चौराहे से जागरूकता रैली निकाली गई
लखनऊ, 04 फरवरी (हि.स.)। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बुधवार को लखनऊ कैंसर इंस्टीट्यूट की ओर से 1090 चौराहे से कैंसर जागरूकता रैली निकाली गयी। पूर्व मंत्री डा.रीता बहुगुणा जोशी, विधायक त्रिभुवन राम और अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित घोष ने जागरूकता रैली को झण्डी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली 1090 चौराहे से शुरू होकर कैंसर इंस्टीट्यूट जियामऊ पहुंचकर सम्पन्न हुई।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित घोष ने रैली के शुभारम्भ के मौके पर कहा कि गांवों में जहाँ ज्यादा लोग बीड़ी व सिगरेट पीते हैं, उनके बीच जागरूकता कार्यक्रम करने की जरूरत है। कैंसर संस्थान की निदेशक डा.निर्मला पंत ने बताया कि जागरूकता रैली का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और समय—समय पर जांच व रोकथाम के उपायों को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर चिकित्सकों ने रैली में शामिल लोगों को कैंसर की रोकथाम,सही खानपान और स्वस्थ जीवन शैली के महत्व,कैंसर से बचाव और शुरूआती लक्षणों की पहचान से संबंधित जानकारी दी।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

