विंध्याचल विश्वविद्यालय की परीक्षा में 29,446 परीक्षार्थी हुए शामिल, नकल करते एक पकड़ा गया
- कुल 1,248 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, कुलपति ने कंट्रोल रूम से की ऑनलाइन निगरानी
मीरजापुर, 26 नवंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं गुरुवार को तीसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। दोनों पालियों में कुल 29,446 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान विश्वविद्यालय की सचल टीम ने मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। एक परीक्षार्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े जाने पर परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया।
विश्वविद्यालय के अनुसार, तीसरे दिन की परीक्षा में 7,906 छात्र और 21,540 छात्राएं शामिल हुईं, जबकि 1,248 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित रहने वालों में 565 छात्र और 683 छात्राएं शामिल हैं। प्रथम पाली में 19,111 और दूसरी पाली में 10,335 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने दोनों पालियों की ऑनलाइन निगरानी कंट्रोल रूम से की। वहीं, विश्वविद्यालय की ओर से गठित सचल दस्ते ने तीनों जिलों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया। उसके खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रिस्टीकेट कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

