नहर का तटबंध टूटा, खेतों में भरा पानी
— दलहन-तिलहन की फसलें बर्बाद
मीरजापुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के दत्तपट्टी परवा गांव में बीते पांच दिनों से नहर का तटबंध टूटने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खेतों में पानी भर जाने से सिंचित क्षेत्र की दलहन और तिलहन की फसलें नष्ट हो रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदाई संस्था लघु डाल नहर प्रखंड के अधिकारी मामले से अनभिज्ञ बने हुए हैं।
किसानाें ने बताया कि अर्जुनपुर पंप कैनाल से निकली करीब छह किलोमीटर लंबी नहर के टेल से एक किलोमीटर पश्चिम दत्तपट्टी गांव में बिना पाइप लाइन बिछाए नहर पाटकर सड़क बना दी गई। इससे पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहते हुए आसपास के खेतों में भर रहा है। ओवरफ्लो के दबाव से नहर का तटबंध भी टूट गया है।
लघु डाल नहर खंड के एसडीओ निरंजन कुमार पटेल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, जानकारी लेकर दुरुस्त कराने का प्रयास किया जाएगा। अवर अभियंता बीएल बिंद ने कहा कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से वार्ता कर नहर में पाइप लाइन की व्यवस्था कराई जाएगी, फिलहाल नहर में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। वहीं पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता श्रवण कुमार के अनुसार एक सप्ताह में कार्ययोजना बनाकर भूमिगत पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृपा शंकर मिश्र, प्रधान संदीप शुक्ला समेत अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना पाइप लाइन के नहर पाटकर सड़क बना दी गई है और सूचना के बावजूद पंप नहर बंद नहीं किया गया। किसानों मनोरथ, हिंछलाल, जमुना, पंधारी, नरेश, मौजी लाल आदि ने बताया कि सरसों, मटर, चना व मसूर की फसलें चौपट हो रही हैं। पांच दिन बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

