अखिलेश यादव को मजबूत करने का आह्वान, 2027 की तैयारी में जुटें : कैलाश चौरसिया

WhatsApp Channel Join Now
अखिलेश यादव को मजबूत करने का आह्वान, 2027 की तैयारी में जुटें : कैलाश चौरसिया


मीरजापुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)।

लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत रविवार को विकास खंड कोन के मिश्रीलाल निकेतन, मवैया में सपा की ओर से संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जन पंचायत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव की अध्यक्षता और नगर विधानसभा अध्यक्ष सत्य प्रकाश यादव के संचालन में हुए सम्मेलन को पूर्व राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

कार्यवाहक जिलाध्यक्ष ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आठ अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर पैदल मार्च प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसमें शामिल होने की अपील की।

सम्मेलन में सुरेंद्र सिंह पटेल, मुन्नी यादव, आशीष यादव और डॉ. श्रेया सोनकर ने भी विचार रखे। नेताओं ने आठ अक्टूबर के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से पहुंचने का आह्वान किया।

इस दौरान राममिलन यादव, दामोदर प्रसाद मौर्या, परवेज खान, राजेश भारती, अभय यादव, आदर्श यादव, रामराज यादव, पतालू यादव, रतन सिंह पटेल, दुर्गा सिंह, रमाकांत यादव, बद्री कवि, डॉ. अरविंद श्रीवास्तव, सूरज यादव, श्यामसुंदर सोनकर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story