ठाकुरद्वारा के बहापुर बलिया में सात पिंजरे लगाए गए
मुरादाबाद, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में ठाकुरद्वारा और कांठ तहसील में तेंदुए की दहशत के बीच वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को कई संवेदनशील गांवों से तेंदुआ देखे जाने की सूचनाएं मिलने के बाद वन कर्मियों ने दिन-रात गश्त की। बहापुर बलिया गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए सात पिंजरे लगाए गए हैं। थर्मल ड्रोन से भी जंगल और खेतों में तेंदुए की तलाश की गई।
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि ठाकुरद्वारा तहसील के कल्याणपुर, बहापुर बलिया, मासूमपुर, गजेड़ा आलम, भायपुर और कांठ तहसील के कुचावली, खलीलपुर कद्दीम, फायरिंग रेंज, 22 बागड़पुर में तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाएं वन विभाग को मिलीं। ठाकुरद्वारा तहसील के संवेदनशील गांवों में कुल 30 पिंजरे लगाए गए हैं। तेंदुए की गतिविधि दूसरे क्षेत्र में मिलने पर पिंजरों का स्थान भी बदला जा रहा है। बहापुर बलिया, बल्लभगढ़, लालापुर पीपलसाना, पाड़ला और तालमपुर समेत स्थानों पर 20 एनिडर डिवाइस लगाई गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

