आंधी-तूफान पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार : स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
आंधी-तूफान पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार : स्वतंत्र देव सिंह


आंधी-तूफान पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार : स्वतंत्र देव सिंह


आंधी-तूफान पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार : स्वतंत्र देव सिंह


प्रयागराज, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 13 मई को आए भीषण आंधी-तूफान में सबसे अधिक 26 लोगों की मौत प्रयागराज जिले में होने के बाद प्रदेश सरकार सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जल शक्ति मंत्री एवं प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे और सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

मीडिया से बातचीत में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इस बार अभूतपूर्व तेज आंधी-तूफान आया, जिसमें प्रदेश भर में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में जाकर पीड़ित परिवारों से मिलने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें आवास और पेंशन योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा। मंत्री ने दैवीय आपदा में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। पेयजल संकट को लेकर मंत्री ने कहा कि इस बार कम बारिश की संभावना जताई गई है, इसलिए सरकार पहले से सतर्क है।

उन्होंने कहा कि भरे हुए डैमों के सहारे लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। साथ ही लोगों से पानी बचाने और जल संरक्षण अपनाने की अपील भी की। ईंधन की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के चलते पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़े हैं। पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर मंत्री और आमजन ईंधन बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए सभी को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाजपा को “आपदा” बताए जाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार सेवा और समर्पण की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने वाली पार्टी है और जनता लगातार भाजपा के साथ खड़ी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story