पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य : नन्दी
नैनी की स्मृति वाटिका में औद्योगिक विकास मंत्री ने किया पौधरोपण
प्रयागराज, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' ने नैनी स्थित ग्राम धनुआ की स्मृति वाटिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री नन्दी ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। ये हमें स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए वृक्षारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण का संकल्प लेना चाहिए। प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन में जनभागीदारी ही पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष वर्मा, नगर आयुक्त साईं तेजा, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अरविंद यादव, एसडीएम तपन मिश्रा, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

