मीरजापुर : सेमरी हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिले कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : सेमरी हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिले कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल


मीरजापुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 11 वर्षीय प्रिंस के अपहरण के बाद हत्या और 45 वर्षीय गेंदलाल बिंद की पीटकर हत्या की घटना से गांव में शोक का माहौल है। शनिवार को कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने दोनों पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर परिजन से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।

मंत्री ने प्रिंस के पिता केशव बिंद से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मासूम के साथ हुई घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव मदद की जाएगी।

मंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी दोनों घटनाओं पर नजर रखी। उनके मुताबिक, आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है। परिजन से मुलाकात के बाद आशीष पटेल ने फोन पर डीआईजी से बात कर दोनों हत्याकांडों में अन्य दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रामलौटन बिंद, छानबे विधायक रिंकी कोल, हरिशंकर सिंह पटेल, दुर्गेश पटेल, राजेंद्र पाठक, रामवृक्ष बिंद, संजय उपाध्याय, कुलदीप पटेल, अवधेश पाल और हर्षित पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story