पहली बार जालौन पहुंचे यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, बुंदेली अंदाज में हुआ स्वागत
उरई, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद शुक्रवार को पहली बार जनपद जालौन पहुंचे खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय का जिले भर में अभूतपूर्व स्वागत किया गया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए और पुष्पवर्षा कर मंत्री का अभिनंदन किया गया। प्रधानमंत्री के ईंधन बचत संदेश को ध्यान में रखते हुए स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अनोखी पहल दिखाई। कई समर्थक बैलगाड़ियों, ई-रिक्शों, घोड़ा गाड़ियों और ऊंट गाड़ियों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जिससे पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश भी दिया गया।
दरअसल, हाल में ही शपथ ग्रहण करने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे जालौन पहुंचे। यहां पर उनका बुंदेली अंदाज में जोरदार तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने अपने इस स्वागत को जनता का अभूतपूर्व स्नेह बताया। उरई मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद वह पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित के आवास पहुंचे यहां पर प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि देश में 125 करोड़ लोगों में से 17 करोड़ यूपी के लोगों को फ्री राशन का लाभ दिया जा रहा है।
जिले के प्रशासनिक अफसर के साथ बैठक के दौरान सरकारी योजनाओं को हूबहू धरातल पर उतराने के दिशा निर्देश दिए। जनता के हित से खिलवाड़ सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। खाद्य रसद विभाग के अधिकारियों को राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने की बात कही। बुंदेलखंड इलाके में पहले किसान सुसाइड किया करते थे लेकिन मौजूदा दौर में कहीं ऐसी घटनाएं सामने नहीं आती कि भुखमरी की वजह से किसी की जान चली गई हो। सरकार जनता के साथ खड़ी हुई है। खाद एवं रसद मंत्री ने आगे कहा कि बड़ी संख्या में अपात्र लोग राशन वितरण प्रणाली के लाभ ले रहे हैं उनसे विनम्र निवेदन है कि वह स्वत त्याग दें वर्ना उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बड़ी संख्या में लोग पात्र हैं आने वाले दिनों में उन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा। आने वाले दिनों में मक्के की खेती को भी एमएसपी का लाभ मिलेगा। बुंदेलखंड दलहन का एक बड़ा हब है और इसे विकसित किया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

