आगरा में बनेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम व नोएडा में बनेगा ‘डीप टेक यू-हब’
लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश में नवाचार, अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीक आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के नोएडा परिसर में ‘डीप टेक यू-हब’ की स्थापना एवं भवन निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना पर कुल 281.03 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी।
वहीं कैबिनेट बैठक में प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। योगी कैबिनेट ने जनपद आगरा के विधानसभा क्षेत्र बाह स्थित ग्राम पंचायत उगनपुरा में स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है। इसके लिए युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
डीप टेक स्टार्टअप्स को मिलेगा मजबूत इकोसिस्टम
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने लोकभवन में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि डीप टेक यू-हब प्रदेश में नवाचार आधारित अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों के विकास को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से राज्य में कार्यरत स्टार्टअप्स को आवश्यक मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और दिशा-निर्देशन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे न केवल सफल स्टार्टअप्स की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि उनकी गुणवत्ता और तकनीकी क्षमता में भी सुधार आएगा।
आगरा के बाह में बनेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार ग्राम पंचायत उगनपुरा में भूमि गाटा संख्या-181, रकबा 2.476 हेक्टेयर को खेल विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित किया जाएगा। इस भूमि पर स्पोर्ट्स स्टेडियम की स्थापना की जाएगी। खास बात यह है कि भूमि हस्तांतरण के इस निर्णय से वर्तमान में राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय व्यय भार नहीं पड़ेगा। सरकार को स्टेडियम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध हो जाएगी, जिससे परियोजना को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट के निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि स्टेडियम बनने से उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम भी होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि स्टेडियम निर्माण से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण मिलेगा। निर्माण कार्य से असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को रोजगार मिलेगा, वहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर खिलाड़ी भविष्य में रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकेंगे।
राज्य सहकारी महाविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश में राज्य सहकारी महाविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके लिए जनपद लखनऊ के रहमान खेड़ा स्थित राज्य कृषि प्रबन्ध संस्थान की 4.51 हेक्टेयर राजकीय भूमि सहकारिता विभाग के नियंत्रणाधीन इंस्टीट्यूट ऑफ कोआपरेटिव एण्ड कार्पोरेट मैनेजमेन्ट, रिसर्च एण्ड ट्रेनिंग को निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। कैबिनेट ने भूमि हस्तांतरण के साथ स्टाम्प शुल्क माफी को भी मंजूरी दी है।
प्रस्तावित महाविद्यालय गुजरात के त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय से संबद्ध होगा। इसका उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र के लिए कुशल और प्रशिक्षित पेशेवर तैयार करना है। यहां पारंपरिक विषयों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर क्राइम, कंप्यूटर मार्केटिंग और बैंकिंग जैसे अत्याधुनिक व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

