कानपुर में मजदूरों से भरी बस नहर में गिरी, सभी 20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
कानपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को मजदूरों से भरी एक निजी बस बेकाबू होकर नहर में जा गिरी। घटना के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में सवार 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला लिया गया। साथ कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि मौके से बस चालक फरार है।
सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने बताया कि यह बस घाटमपुर के कुढ़नी से रनिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को लेकर जा रही थी। तभी नहर के पास पहुंचने पर अचानक बस अनियंत्रित हो गई और वह नहर में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक मौके से भाग निकला। जबकि बस में सवार अन्य 20 मजदूर डूबने लगे। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना करते हुए खुद ही रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए और बारी-बारी से सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि इस घटना में कुछ मजदूर घायल हो गए हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम के साथ-साथ फायर वाहन को भी मौके पर बुलाया गया। मुख्य अग्निश्मन अधिकारी (सीएफओ) दीपक शर्मा के देख-रेख में क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला गया। आगे उन्होंने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। तहरीर के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।
------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

