रेलवे लाइन किनारे मिला युवक का जला शव, पहचान में जुटी पुलिस
मीरजापुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के धनसिरिया गांव के पास गुरुवार सुबह रेलवे लाइन किनारे बिजली के खंभे के पास एक अर्धनग्न जला हुआ युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह कुछ लोग रेलवे लाइन की ओर गए थे, तभी खंभे के पास जला हुआ शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें जेब से जला हुआ मोबाइल फोन और कुछ रुपये मिले, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने मोबाइल का सिम निकालकर सर्विलांस के जरिए पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। वह जींस पैंट और टी-शर्ट पहने था, जो काफी हद तक जल चुके थे। इस संबंध में थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि अज्ञात शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

