सीवान में रहस्यमय मौत : एक साथ 10 भैंसों के ढेर होने से हड़कंप, जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सीवान में रहस्यमय मौत : एक साथ 10 भैंसों के ढेर होने से हड़कंप, जांच शुरू


मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के दरवान गांव अंतर्गत पचपेडिया सीवान में रविवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां घास चर रही 10 भैंसों की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पशुपालकों में दहशत फैल गई।

दरवान पचपेडिया गांव निवासी बद्री यादव, बाबूलाल यादव और लक्ष्मण यादव अपनी भैंसों को रोज की तरह चराने के लिए सीवान में ले गए थे। दोपहर तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन शाम होते-होते अचानक भैंसें एक-एक कर गिरने लगीं। देखते ही देखते 10 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पशुपालक बदहवास हो गए।

सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर अन्य 4-5 बीमार भैंसों का उपचार किया, जिनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। भैंसों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। आशंका जताई जा रही है कि भैंसों ने जहरीला पदार्थ खा लिया हो या फिर कोई संक्रामक बीमारी इसका कारण हो सकती है। इस घटना से तीनों पशुपालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story