मीरजापुर में बिजली विभाग की लापरवाही, ट्रांसफार्मर के स्टे में उतरे करंट से भैंस की मौत
मीरजापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के चंद्रगढ़ गांव में बुधवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास विद्युत पोल के स्टे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक गर्भवती भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।
ग्राम प्रधान सियाराम मिश्र की तीन भैंसें खेतों की ओर चरने गई थीं। इसी दौरान एक गर्भवती भैंस ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गई और विद्युत पोल के स्टे में उतर रहे करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम प्रधान के पुत्र बालकृष्ण मिश्र ने बताया कि ग्रामीणों ने स्टे में करंट उतरने की शिकायत कई बार बिजली विभाग से की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना पशु चिकित्साधिकारी और क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि करंट लगने से भैंस की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

