स्कूल प्रबंधन ने अभिभावक से टीसी के बदले में मांगी रिश्वत, जिलाधिकारी तक पहुंची शिकायत
वाराणसी, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सामने घाट के रमना क्षेत्र स्थित शांडिल्य पब्लिक स्कूल में रविवार को एक छात्रा के उत्तीर्ण होने के बाद उसकी टीसी लेने गए अभिभावक से स्कूल प्रबंधन की रिश्वत मांगने की बात सामने आई है। इस चलते अभिभावक और स्कूल प्रबंधन के बीच बहस हो गई। छात्रा के पिता दिलीप दुबे ने रिश्वत मांगने की शिकायत मोबाइल फोन के माध्यम से जिलाधिकारी कार्यालय में की गई है।
अभिभावक दिलीप दुबे ने पत्रकारों को बताया कि स्कूल में प्रवेश चल रहा है, इस कारण छुट्टी के दिन रविवार को भी स्कूल में आवश्यक कार्य हो रहे हैं। मेरी बेटी ने उक्त स्कूल से इंटरमीडिएट पास किया है। जब वह अपनी बेटी का टीसी लेने स्कूल गए तो वहां कर्मचारियों ने उन्हें डायरेक्टर और प्रिंसिपल के पास जाने के लिए कहा। अभिभावक का आरोप है कि उन्होंने डायरेक्टर से मिलकर टीसी मांगी तो उनसे डेढ़ हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। उन्होंने रिश्वत देने से इनकार किया तो उन्होंने टीसी देने से इनकार कर दिया।
वही, रविवार को जिलाधिकारी कार्यालय बंद होने के कारण छात्रा के अभिभावक की जिलाधिकारी से भेंट नहीं हो सकी है। उन्होंने मोबाइल के माध्यम से उक्त मामले में शिकायत की है। छात्रा के अभिभावक का कहना है कि सोमवार को जिलाधिकारी से भेंट कर अपनी बात रखी जाएगी।
वहीं, इस मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य यूके सिन्हा ने कहा कि टीसी बनाने में समय लगता है। टीसी के लिए अभिभावक दिलीप ने संपर्क किया है, उनकी बेटी की टीसी बन चुकी है। उनसे कोई शुल्क नहीं मांगा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

