सांड से टकराकर मोटरसाइकिल पलटी, दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बहराइच, 21 जून (हि.स.)। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात की है। सांड से टकराने के कारण मोटरसाइकिल पलट गई। जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवक गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही फखरपुर पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को सीएचसी फखरपुर पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रारम्भिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिदरखा के रहने वाले दीपक सिंह व जनपद गोण्डा के परसपुर थाना क्षेत्र के निहाल पुरवा के रहने वाले अर्पित सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक शनिवार को बहराइच आये थे और देर रात में मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे।

सड़क पर सांड के आ जाने से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही फखरपुर थाने के एसआई ओम प्रकाश गौड़ पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुँचे, उन्होंने घायलों को सीएचसी फखरपुर भिजवाया,जहां चिकित्सकों ने प्रारम्भिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

फखरपुर थानाध्यक्ष संजीव चौहान ने रविवार काे बताया कि मृतकों के शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Share this story