गंगा स्नान के दौरान दो बालक डूबे, एक की मौत, दूसरे को बचाया

WhatsApp Channel Join Now
गंगा स्नान के दौरान दो बालक डूबे, एक की मौत, दूसरे को बचाया


- रामपुर घाट पर हादसा, गोताखोरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला किशोर का शव

मीरजापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के रामपुर गंगा घाट पर सोमवार को स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे में डूब रहे दूसरे युवक को घाट पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

रामपुर गांव निवासी कलंदर हरिजन के घर रविवार को उनके बेटे की बारात गई थी। सोमवार को बारात लौटने पर परिवार के रिश्तेदार और अन्य लोग गांव में मौजूद थे। इसी दौरान भदोही जिले के मूसी गांव निवासी आशीष कुमार का 15 वर्षीय बेटा विवेक कुमार अपने ननिहाल आया हुआ था। वह कक्षा नौ का छात्र था। सोमवार को वह गांव के 20 वर्षीय डिंपल और परिवार की महिलाओं के साथ रामपुर गंगा घाट पर स्नान करने गया था।

स्नान के दौरान विवेक और डिंपल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद महिलाओं और परिजनों ने डिंपल को तो बचा लिया, लेकिन विवेक पानी में समा गया। शोर सुनकर स्थानीय गोताखोर और परिजन मौके पर पहुंचे। जाल डालकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद विवेक को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस किशोर को जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान किशोर डूब गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story