नहर में बह गया बालक, चार घंटे बाद मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
नहर में बह गया बालक, चार घंटे बाद मिला शव


मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना में बाणसागर नहर की तेज धारा में बहकर 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

हलिया थाना क्षेत्र के फुलियारी गांव निवासी जगनारायण पाल का पुत्र विजय शंकर पाल (12) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शौच के लिए गांव के पास स्थित बाणसागर नहर की ओर गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर की तेज धारा में बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के चलते वह देखते ही देखते लापता हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नहर को बंद कराकर खोजबीन शुरू की गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर नहर की झाल में बालक का शव बरामद हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनाें में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची मां मनावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि विजय शंकर तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था और गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 06 का छात्र था।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैर फिसलने से नहर में गिरने का है। नहर को बंद कराकर सघन खोजबीन की गई, जिसके बाद बालक का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story