सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक में गंवाई जान, बालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक में गंवाई जान, बालक की मौत


मीरजापुर, 24 अगस्त (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के बहुती चकचौरा गांव में सोमवार की शाम सर्पदंश से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। सांप के काटने के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में लगे रहे। हालत बिगड़ने पर भी उपचार में देरी होती रही और आखिरकार बालक ने दम तोड़ दिया।

गांव निवासी धीरज सरोज का बड़ा बेटा शिवा सोमवार को गांव में अन्य बच्चों के साथ खेलने गया था। इसी दौरान कच्चे मकान के पास उसे सांप ने डस लिया। सांप के काटने की जानकारी होने पर परिजन उसे चिकित्सकीय उपचार दिलाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए इधर-उधर ले जाते रहे। समय बीतने के साथ बालक की हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजन जब तक उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शिवा तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से माता-पिता और दोनों छोटे भाइयों का रो-रोकर हाल बेहाल है। घटना ने एक बार फिर सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार कराने की जरूरत को सामने ला दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story