पड़ोसी के ईरिक्शा से कुचलकर तीन वर्षीय मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पड़ोसी के ईरिक्शा से कुचलकर तीन वर्षीय मासूम की मौत


मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मड़िहान थाना क्षेत्र में बुधवार को पड़ोसी के टोटो(ईरिक्शा)

से दबकर तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया, वहीं परिजन का रो-रोकर बेहाल है।

थानाध्यक्ष मड़िहान बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि पटेवर गांव के मजरा मड़िहान निवासी विजय सोनकर अपने इकलौते तीन वर्षीय पुत्र को लेकर सुबह करीब 11 बजे सड़क किनारे पुलिया के पास टहलने गए थे। इसी दौरान पड़ोसी टोटो लेकर मड़िहान बाजार से अपने घर लौट रहा था। घर के मोड़ पर पहुंचते ही मासूम अचानक टोटो पर चढ़ने लगा। चालक के संभलने से पहले ही बच्चा टोटो के नीचे गिर गया और पिछले पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में मासूम के सिर और गर्दन पर गंभीर चोट आ गई।

आनन-फानन में परिजन खून से लथपथ हालत में बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजन ने पड़ोसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए यह भी बताया कि उनके बीच पहले से भूमि विवाद चला आ रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इकलौते बेटे की मौत से मां मोना सोनकर बदहवास हो गईं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story