यूपी बोर्ड 2026 : छूटे प्रयोगात्मक परीक्षार्थियों को अंतिम अवसर 09 से 10 अप्रैल तक

WhatsApp Channel Join Now
यूपी बोर्ड 2026 : छूटे प्रयोगात्मक परीक्षार्थियों को अंतिम अवसर 09 से 10 अप्रैल तक


छूटे हुए छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षाएं 09 से 10 अप्रैल तक होंगी

प्रयागराज, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित अथवा छूटे हुए छात्र-छात्राओं को अंतिम अवसर देने की घोषणा की है। यह जानकारी देते हुए शनिवार को परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि छूटे हुए परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 9 एवं 10 अप्रैल को आयोजित कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा 2026 पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा नियुक्त परीक्षकों के माध्यम से कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यालय के सभी परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा छूट गई है, तो उनकी परीक्षा उसी विद्यालय में आयोजित की जाएगी। वहीं, यदि कुछ परीक्षार्थी ही छूटे हैं, तो उनकी परीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस ) द्वारा जनपद मुख्यालय स्तर पर निर्धारित परीक्षा केंद्र पर कराई जाएगी।

परिषद ने छूटे हुए परीक्षार्थियों से कहा है कि वे अपने पंजीकृत विद्यालय या जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर निर्धारित परीक्षा केंद्र और तिथि की जानकारी प्राप्त कर परीक्षा में शामिल हों।

सचिव ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए कोई और अवसर प्रदान नहीं किया जायेगा। इसलिए सभी संबंधित छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथि पर परीक्षा में अनिवार्य रूप से शामिल हों।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story