यूपी बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन दोनों पालियों में कुल साठ हजार से अधिक परीक्षार्थीयों ने छोड़ी परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
यूपी बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन दोनों पालियों में कुल साठ हजार से अधिक परीक्षार्थीयों ने छोड़ी परीक्षा


प्रयागराज, 21 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं बारहवीं की चौथे दिन दोनों पालियों की परीक्षा नकल विहीन एवं सकुशल सम्पन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 10,54,437 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। हालांकि हाईस्कूल एवं बारहवीं की परीक्षा में 9,92,932 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि दोनों में मिलकर कुल 61,505 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। यह जानकारी शनिवार देर शाम बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के गृह विज्ञान तथा इण्टरमीडिएट के व्यावसायिक वर्ग के विषयों तथा द्वितीय पाली में इण्टरमीडिएट के विषय इतिहास की परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई। जनपदों से प्राप्त सूचना के मुताबिक पहली पाली में कुल पंजीकृत संख्या 807109 रहे, लेकिन परीक्षा में 7,59,675 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। जबकि प्रथम पाली में 47,434 परीक्षार्थी अनुपस्थित हो गए। इसी तरह द्वितीय पाली में 2,47,328 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। हालांकि 2,33,257 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। जबकि 14,071 परीक्षा में उपस्थित नहीं हुए।

परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति की सूचना परीक्षा तिथिवार एवं विषयवार दी गयी है। कुल अनुपस्थित परीक्षार्थियों की सूचना सम्पूर्ण परीक्षा समाप्ति के उपरान्त दी जाएगी। आज किसी भी जिले से नकल करते हुए कोई विद्यार्थी नहीं पकड़ा गया। अब तक कुल अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए 7 परीक्षार्थी पकड़े गए। इसी तरह धोखाधड़ी करके परीक्षा देने के मामले में कुल 11 प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story