तालाब में मिले अजय के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम, कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए परिजन

WhatsApp Channel Join Now
तालाब में मिले अजय के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम, कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए परिजन


मीरजापुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र में अकोढ़वा गांव स्थित तालाब में मिले युवक के शव की पहचान होने के बाद शुक्रवार को परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जमालपुर थाना क्षेत्र के गोगहरा गांव निवासी 26 वर्षीय अजय बियार के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने जमालपुर थाना मोड़ चौराहे पर सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी अमित कुमार के जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।

बताया गया कि 12 अगस्त की सुबह अकोढ़वा गांव के तालाब में युवक का शव उतराता हुआ मिला था। 13 अगस्त को सोशल मीडिया पर शव की फोटो प्रसारित होने के बाद गोगहरा गांव के परिजनों ने चंदौली स्थित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय पहुंचकर शव की पहचान अजय के रूप में की।

मृतक की पत्नी नगीना देवी शुक्रवार को जमालपुर थाने में तहरीर देने पहुंचीं, लेकिन पुलिस ने मामला चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र का होने की बात कहकर उन्हें वहां भेज दिया। बबुरी में भी तत्काल कार्रवाई न होने से परिजन नाराज हो गए और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

नगीना देवी का आरोप है कि 10 अगस्त को गांव के दो लोग उनके पति को काम कराने के लिए अपने साथ ले गए थे। पति अक्सर दोनों के साथ मजदूरी करते थे। पति के लापता होने की तहरीर उन्होंने जमालपुर थाने में दी थी और परिवार कई दिनों से उनकी तलाश कर रहा था। पत्नी का आरोप है कि दोनों युवकों ने उनके पिता को अजय को मारकर फेंक देने की धमकी भी दी थी। अजय मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। पति की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story