तालाब में डूबे युवक का दूसरे दिन मिला शव, परिवार में कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
तालाब में डूबे युवक का दूसरे दिन मिला शव, परिवार में कोहराम


मीरजापुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत विजयपुर गांव में रानी तालाब में डूबे युवक का शव गुरुवार सुबह नौ बजे बरामद हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।

गांव निवासी अनिल यादव (35) पुत्र अमरनाथ यादव बुधवार शाम करीब सात बजे घर से लगभग दो सौ मीटर दूर गैपुरा-लालगंज मार्ग के किनारे स्थित रानी तालाब की ओर गए थे। परिजनों के अनुसार, तालाब के किनारे अचानक पैर फिसलने से वह पानी में डूब गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर तक हाथ-पैर मारने के बाद वह पानी में ओझल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार रात करीब आठ बजे गांव के कुछ तैराकों ने तालाब में उनकी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान तैराकों ने उनका शव बरामद किया।

अनिल छह भाइयों में सबसे बड़े थे। वह गांव में पानीपुरी का कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी रेखा देवी और दो वर्षीय बेटी प्रतिका है। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

चौकी प्रभारी सुरेश दुबे ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768617 Articles

Share this story