मीरजापुर : कैलहट रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, सोशल मीडिया से हुई पहचान

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : कैलहट रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, सोशल मीडिया से हुई पहचान


- ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका, पत्नी ने वायरल फोटो देखकर पहचाना

मीरजापुर, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट रेलवे लाइन पर गुरुवार को 38 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मीरजापुर भेज दिया। पहचान के लिए सोशल मीडिया और आसपास के लोगों की मदद ली गई। बाद में सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखकर युवक की पत्नी ने उसकी पहचान अपने पति के रूप में की।

उप निरीक्षक हरे राम चौरसिया ने बताया कि प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र के खाईपुर गांव निवासी सुनील केसरवानी (38) पुत्र गुलशन केसरवानी अपनी पत्नी और एक अन्य युवती के साथ चुनार क्षेत्र के दीक्षितपुर में किराए के मकान में रहता था। वह मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार बुधवार रात कैलहट स्थित रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से सुनील की मौत हो गई। गुरुवार को रेलवे लाइन पर शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी।

पुलिस ने पहचान के लिए शव का फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कराया। फोटो वायरल होने के बाद दीक्षितपुर में किराए के मकान में रहने वाली मृतक की पत्नी ने उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने परिजन को घटना की जानकारी दी। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना की स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story