लापता युवक का शव पोखरे में मिला, हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
लापता युवक का शव पोखरे में मिला, हत्या की आशंका


मीरजापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में कछवां थाना क्षेत्र में पांच दिनों से लापता एक युवक का शव गुरुवार सुबह भैंसा गांव स्थित पोखरे में उतराता मिला है। मृतक की पहचान शिवम उर्फ टिंडे (24) निवासी

सेमरा खैरा गांव के रूप में हुई है, जो संत शिरोमणि रविदास जयंती के दिन से लापता था।

पोखरे में शव मिलने की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव पोखरे में फेंके जाने की आशंका जताई है।

मृतक की मां गिरिजा देवी ने बताया कि बीते रविवार को बेटा शिवम अपने दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद से शिवम घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः 3 फरवरी को कछवां थाने में शिवम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिवार में एक बहन और दो भाइयों में शिवम छोटा था। पिता हीरालाल का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है।

कछवां थाना प्रभारी रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story