युवक का शव रेलवे स्टेशन पर मिला, जेब में मिले टिकट से हुई पहचान

WhatsApp Channel Join Now

मीरजापुर, 14 जून (हि.स.)। अदलहाट थाना क्षेत्र स्थित नरायनपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची चुनार जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले मोबाइल फोन और रेलवे टिकट के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान बिहार के नालंदा जनपद के करायपरसुराय थाना क्षेत्र अंतर्गत जनकपुर गांव निवासी 25 वर्षीय राजू कुमार पुत्र बालगोविंद बिंद के रूप में हुई। उसके पास से पुणे से दानापुर का जनरल टिकट भी बरामद हुआ, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह पुणे-दानापुर ट्रेन से अपने घर लौट रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों को सूचित किया गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता बालगोविंद बिंद ने बताया कि राजू महाराष्ट्र के पुणे जनपद के सूपा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा और विवाहित था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा भी वही था।

जीआरपी चौकी चुनार के दीवान राजेश्वर ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story