घर में अकेले रह रहे वृद्ध का मिला शव, दो दिन पहले मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
घर में अकेले रह रहे वृद्ध का मिला शव, दो दिन पहले मौत की आशंका


मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। कटरा कोतवाली क्षेत्र के भैसहिया टोला मोहल्ले में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो मकान में वृद्ध का शव पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि वृद्ध की मौत करीब दो दिन पहले हुई थी।

पुलिस के अनुसार, भैसहिया टोला निवासी जोखू गुप्ता घर में अकेले रहते थे। शनिवार शाम मोहल्ले के लोगों को उनके मकान से तेज दुर्गंध महसूस हुई। इस पर लाेगाें ने कहा कि काफी समय से जोखू दिखाई भी नहीं दे रहे थे, जिसके बाद लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कटरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो जोखू गुप्ता मृत अवस्था में पड़े मिले। शव से दुर्गंध आने के कारण उनकी मौत करीब दो दिन पूर्व होने की आशंका जताई गई। कटरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक ने बताया कि मृतक का बेटा सोहन गैर जनपद में रहता है। जोखू घर में अकेले रहते थे, इसलिए उनकी मौत की जानकारी समय से किसी को नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत के कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story