देहदान करने वाले बने भावी डॉक्टरों के पहले गुरु, 100 विद्यार्थियों ने ली शपथ

WhatsApp Channel Join Now
देहदान करने वाले बने भावी डॉक्टरों के पहले गुरु, 100 विद्यार्थियों ने ली शपथ


- मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज में कैडेवर समारोह, मृत शरीर के सम्मान और चिकित्सा नैतिकता का लिया संकल्प

मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। चिकित्सा शिक्षा की पहली व्यावहारिक सीख देने वाली मृत देह के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का भाव लेकर 100 एमबीबीएस विद्यार्थियों ने कैडेवर शपथ ली। मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के एनाटॉमी विभाग में प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने मृत शरीर की गरिमा, गोपनीयता और सम्मान बनाए रखने के साथ चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि मानव शरीर की वास्तविक संरचना को समझने में कैडेवर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके माध्यम से विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी हासिल करते हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में कैडेवर के महत्व से विद्यार्थियों को परिचित कराया।

एनाटॉमी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि देहदान करने वाले व्यक्ति चिकित्सा विद्यार्थियों के प्रथम शिक्षक होते हैं। उनके योगदान से भावी डॉक्टर मानव शरीर की जटिल संरचना को प्रत्यक्ष रूप से समझ पाते हैं। चिकित्सा का क्षेत्र केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मानवीय संवेदना, नैतिकता और सेवा भावना भी जरूरी है।

आयोजन एनाटॉमी विभाग के डॉ. दुर्गेश सिंह और सह-आचार्य एवं संयोजक डॉ. ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में हुआ। समारोह में बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. विश्वजीत दास, सीएमएस प्रो. डॉ. सचिन किशोर, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. प्रीति भटनागर, डॉ. क्षितिज राज और डॉ. ओंकार सिंह सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story