यूपी बोर्ड के नौवीं, दसवीं की किताबें अमेजॉन में उपलब्ध

WhatsApp Channel Join Now
यूपी बोर्ड के नौवीं, दसवीं की किताबें अमेजॉन में उपलब्ध


--ऑनलाइन मंगाने पर पांच फीसदी कैशबैक, नहीं देना होगा डिलीवरी चार्ज

--अगले वर्ष 11वीं, 12वीं की किताबें मिलेगी ऑनलाइन

--एक सेट पुस्तक की होगी ऑनलाइन डिलेवरी

--बोर्ड के लाखों छात्रों को मिलेगी सुविधा: सचिव भगवती सिंह

प्रयागराज, 22 मई (हि.स)। यूपी बोर्ड के लाखों छात्र-छात्राओं की सुविधा को देखते हुए यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने नवाचार की शुरुआत की है। यूपी बोर्ड की अधिकृत मुद्रकों द्वारा प्रदेश के समस्त जिलों में थोक और फुटकर विक्रेताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं के लिए पाठ्य-पुस्तकें बिक्री के लिए जहां माह फरवरी -2026 के प्रारम्भ से ही उपलब्ध करा दी गयी थी। वहीं अब छात्र-छात्राएं बिना किसी अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क के कक्षा-9 और 10 के पुस्तक सेट ऑनलाइन मंगा भी सकते हैं। यूपी बोर्ड ने छात्र-छात्राओं को पुस्तक सेट खोजने और ऑर्डर प्रक्रिया को सरल और सहज बनाने के लिए छात्र-अनुकूल ऑनलाइन पोर्टल पायनियरबुक्स डॉट इन विकसित किया गया है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि पोर्टल पर कक्षानुसार पुस्तक सेट सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध करा दिए गए हैं। विद्यार्थी अपनी आवश्यकतानुसार अपनी कक्षा के पुस्तक सेट का चयन कर सीधे सम्बन्धित अमेजॉन वेबसाइट के विक्रय पेज पर जाकर ऑनलाइन ऑर्डर कर पुस्तकें प्राप्त कर सकते हैं। यूपी बोर्ड सचिव ने बताया कि जल्द ही इंटरमीडिएट की भी अधिकृत पाठ्य पुस्तकें विद्यार्थियों को ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।

माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए हाईस्कूल स्तर कक्षा-9 एवं 10 की अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और इण्टर मीडिएट स्तर कक्षा-11 एवं 12 की अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, समाज शास्त्र, अर्थशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, लेखाशास्त्र, मनोविज्ञान, गृहविज्ञान कुल 36 विषयों के अन्तर्गत आने वाली 70 एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकें प्रदेश के समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अध्ययन के लिए सस्ते दर पर प्रचलन में लाई गई हैं।

इसी प्रकार कक्षा-9 से 12 तक परिषद द्वारा विकसित हिन्दी, संस्कृत एवं उर्दू विषयों की 12 पाठ्य पुस्तकें भी छात्र-छात्राओं के अध्ययन के लिए सस्ते दर पर प्रचलन में लाई गई हैं। अब तक यह पाठ्य पुस्तकें दुकानों पर उपलब्ध कराई जाती थी लेकिन अमेजॉन के चैनल पार्टनर जे बी इंटरनेशनल के प्रतिनिधि रजत जिंदल ने आज बताया कि अब यूपी बोर्ड की किताबें ऑनलाइन भी मिलेंगी। कोई विद्यार्थी अगर ऑनलाइन बुक करेगा तो उसे दो से 7 दिन में पाठ्य पुस्तक उसके घर पर उपलब्ध होगी। इसमें कक्षा 9 की पाठ्य पुस्तक की एक सेट की कीमत 393 और कक्षा 10 की पाठ्य पुस्तक के एक सेट की कीमत 440 रुपये रखी गई है।

हालांकि इसमें विद्यार्थी को कम से कम एक सेट मंगाना होगा और अधिक से अधिक एक आर्डर पर 19 सेट पुस्तकें मंगा सकते हैं। खास बात यह है कि इन पुस्तकों को अमेजॉन प्राइम मेंबर अगर इसे अमेजॉन आईसीआईसीआई कार्ड से खरीदते हैं तो उन्हें 05 फीसदी का कैशबैक मिलेगा। वहीं नॉन प्राइम मेंबर को भी तीन फ़ीसदी का कैशबैक मिलेगा। जबकि इंटरमीडिएट की पुस्तकें भी मैक्सिमम रिटेल प्राइस यानी अधिकतम खुदरा मूल्य पर ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।

हालांकि इसका कोई रेट तय नहीं किया गया है क्योंकि विद्यार्थी साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स जिस सब्जेक्ट का चयन करेंगे। उसके हिसाब से एमआरपी पर उन्हें पुस्तक ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story