बालक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग किया जाम

WhatsApp Channel Join Now
बालक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग किया जाम


बालक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग किया जाम


- 30 लाख की फिरौती के लिए किया था अपहरण, शव मिलने के बाद सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

मीरजापुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में 12 वर्षीय प्रिंस की अपहरण के बाद हत्या किए जाने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को सेमरी गांव के सामने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस के काफी समझाने के बावजूद ग्रामीण सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। हालांकि बाद में अधिकारियों के प्रयास से आंशिक रूप से जाम खुल गया। एसडीएम सदर महेंद्र सिंह और सीओ अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटे रहे।

विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी केशव बिंद का बेटा प्रिंस (12) माता-पिता की इकलौती संतान था। वह बिहसड़ा कला स्थित आईएसएस पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। सोमवार शाम करीब चार बजे बाइक सिखाने के बहाने उसका अपहरण कर लिया गया था। पिता ने कामापुर कला गांव निवासी पिंटू हरिजन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि अपहरण कर्ता ने मोबाइल फोन से 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।

बुधवार भोर में लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा फाल के पास पुलिस मुठभेड़ में आरोपित पिंटू हरिजन के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर कुशियरा जंगल से प्रिंस का शव बरामद किया।

बेटे की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता केशव बिंद ने बताया कि करीब एक पखवाड़े पहले उन्होंने 60 लाख रुपये की जमीन बेची थी। इसी रकम को देखते हुए आरोपित ने 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। केशव मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर महाशक्ति इंटर कॉलेज के पास चाय की दुकान चलाते हैं। उनका आरोप है कि आरोपित पिछले एक सप्ताह से दुकान पर आ-जा रहा था। मासूम की हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर कार्रवाई और न्याय की मांग की। अधिकारियों के समझाने पर जाम आंशिक रूप से खुला, लेकिन मौके पर तनाव बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775157 Articles

Share this story