वाराणसी में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल गांधी का पुतला
वाराणसी, 21 फरवरी(हि.स.)। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडियन एआई इंपैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के टॉपलेस हंगामे से नाराज भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की वाराणसी जिला और महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने समूह में जिला प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग किया गया।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अमन सोनकर और महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस के नेताओं ने भारत की धरती पर आए दूसरे देश के मेहमानों के सामने जो हरकत की है, वह क्षमा करने लायक नहीं है। राहुल गांधी को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

