भाजपा के बूथ सम्मेलन में 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन, संगठन मजबूत करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के बूथ सम्मेलन में 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन, संगठन मजबूत करने पर जोर


मीरजापुर, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन आयोजित किया। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में हुए इन सम्मेलनों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए मतदाताओं को जोड़ने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

छानबे विधानसभा में पूर्व विधायक रूबी प्रसाद, नगर विधानसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, मझवां में भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, चुनार में पूर्व जिलाध्यक्ष अजीत चौबे तथा मड़िहान विधानसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार केसरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि बूथ ही पार्टी की सबसे छोटी और सबसे मजबूत इकाई है तथा 2027 के चुनाव की सफलता की नींव बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती से ही रखी जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख और बूथ समिति को सक्रिय करने का आह्वान किया। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने, मतदाताओं से नियमित संवाद बनाए रखने और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों का प्रभावी प्रचार करने पर बल दिया गया। डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम के जरिए कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से भी सक्रिय रहने की सलाह दी गई।

सम्मेलन में प्रत्येक कार्यकर्ता से कम से कम 10 नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का संकल्प दिलाया गया। इसके अलावा बूथ सशक्तिकरण, मतदाता सूची के शुद्धिकरण तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का संचालन विधानसभा सह-संयोजकों रामशिरोमणि मौर्य, नितिन गुप्ता, रविंद्र मौर्य, डॉ. विजय सिंह और महेंद्र अग्रहरि ने किया। सम्मेलन में विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, रत्नाकर मिश्र, शुचिस्मिता मौर्य, अनुराग सिंह, रिंकी कोल, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story