उत्तर प्रदेश के भाजपा सह-प्रभारी जगदीश पटेल का प्रथम काशी आगमन पर भव्य स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश के भाजपा सह-प्रभारी जगदीश पटेल का प्रथम काशी आगमन पर भव्य स्वागत


वाराणसी, 24 अगस्त (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश पटेल का सोमवार को प्रथम काशी आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा ढोल-नगाड़ों और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया गया।

बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं के अपार उत्साह के बीच उनका गर्मजोशी से अभिनंदन हुआ। इसके पश्चात एयरपोर्ट तिराहा, केजे होटल के समक्ष, महादेव वाटिका (सातों महुआ), तरना पुल तथा शिवपुर सहित मार्ग में विभिन्न स्वागत बिंदुओं पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं नारों के साथ उनका अभूतपूर्व स्वागत किया।

काशी आगमन के क्रम में जगदीश पटेल ने देवाधिदेव महादेव के दरबार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर लोक-कल्याण एवं राष्ट्र-समृद्धि की कामना की। तत्पश्चात उन्होंने सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की, जिसमें आगामी कार्ययोजनाओं एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय, नवीन कपूर, अजय गुप्ता, महामंत्री पूजा दीक्षित, मधुकर चित्रांश, प्रमील पाण्डेय, अखिलेंद्र सिंह सनी, अशोक जाटव, अशोक पाण्डेय, अमित खरे, अवधेश राय, पंकज चतुर्वेदी, मनोज सोनकर, हीरा यादव, रजत जायसवाल, अनुराग शर्मा, अभिषेक श्रीवास्तव, कुशाग्र श्रीवास्तव, सत्येंद्र सिंह, रणंजय सिंह, सुजीत सिंह टीका एवं गोकुल शर्मा सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story