भाजपा राष्ट्र निर्माण का माध्यम, कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा राष्ट्र निर्माण का माध्यम, कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : स्वतंत्र देव सिंह


भाजपा राष्ट्र निर्माण का माध्यम, कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : स्वतंत्र देव सिंह


जौनपुर, 23 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक पवित्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो समाज सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों से अलग विचारधारा पर चलने वाला संगठन है। इसका उद्देश्य देश के सांस्कृतिक गौरव को पुनर्स्थापित करना और राष्ट्र को सशक्त बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प दिलाते हुए कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि विचारधारा और संगठन सर्वोपरि होता है।उन्होंने कहा कि दल से बड़ा देश है और यही भावना भाजपा को विशिष्ट बनाती है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने सादगी, विनम्रता और सेवा भाव के साथ जनता के बीच रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख के सहभागी बनें और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

जल शक्ति मंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘हर घर नल से जल’, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों के साथ सतत संपर्क बनाए रखने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का आग्रह किया।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने संगठन में अनुशासन और शुचिता पर बल देते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलकर भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अहंकार से दूर रहकर सेवा को ही अपना मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधायक रमेश मिश्र, एमएलसी बृजेश सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला, पूर्व सांसद के.पी. सिंह, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा महेश चंद्र श्रीवास्तव, अशोक चौरसिया, सुशील उपाध्याय, पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, अजय शंकर दुबे, पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह, मनोरमा मौर्य और गीता बिंद सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story