मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोले- 2027 में फिर बनेगी प्रचंड बहुमत की सरकार

WhatsApp Channel Join Now
मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोले- 2027 में फिर बनेगी प्रचंड बहुमत की सरकार


मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष सुबह करीब 10 बजे त्रिशक्ति पथ के रास्ते मंदिर पहुंचे। इससे पहले वह होटल रत्नाकर में कुछ देर रुके। इसके बाद पूजन सामग्री के साथ गर्भगृह में पहुंचकर मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना की। उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि मां विंध्यवासिनी के दरबार में मत्था टेकना उनका सौभाग्य है। उन्होंने मां से देश और प्रदेश की जनता के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वह सभी जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं, उनकी बातें सुन रहे हैं और संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्षभर जनता और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय रहती है। कोविड काल में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य किए थे। चुनाव आने पर रणनीति बनाई जाती है और भाजपा 2027 में भी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस दौरान भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह, जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, चुनार विधायक अनुराग सिंह, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल, अलंकार जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story