पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह से शिष्टाचार भेंट काे पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह से शिष्टाचार भेंट काे पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष


मीरजापुर, 08 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार को पहली बार मीरजापुर के चुनार विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मगरहा स्थित विधायक आवास सरोज सदन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।

दोपहर करीब दो बजे पंकज चौधरी का काफिला वाराणसी–मीरजापुर सीमा के साधो माधो रूदौली पहुंचा, जहां सदर विधायक रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, एमएलसी श्याम नारायण सिंह, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिश्मिता मौर्य सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की, जिससे रूदौली से मगरहा तक करीब 10 किलोमीटर के मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस प्रशासन ने काफी प्रयास के बाद यातायात को सुचारु कराया।

दोपहर करीब तीन बजे प्रदेश अध्यक्ष सरोज सदन पहुंचे। यहां चुनार विधायक अनुराग सिंह ने बुके और शाल भेंट कर उनका स्वागत किया, जबकि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने अंगवस्त्र देकर अभिनंदन किया। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक एकांत में संगठन और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर एमएलसी विनीत सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नारायण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, डीसीबी चेयरमैन जगदीश सिंह पटेल, विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह, एसपी पाठक, सुरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story