जब शिफ्ट में सो सकते हैं, तो शिफ्ट में नमाज भी पढ़ सकते हैं : राजकुमार चाहर

WhatsApp Channel Join Now
जब शिफ्ट में सो सकते हैं, तो शिफ्ट में नमाज भी पढ़ सकते हैं : राजकुमार चाहर


फिरोजाबाद, 25 मई (हि.स.)। भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने सोमवार को फिरोजाबाद में कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नमाज और कुर्बानी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर नमाजियों की संख्या अधिक है, तो नमाज शिफ्ट के आधार पर भी अदा की जा सकती है। उन्होंने कहा, जब लोग शिफ्ट में सो सकते हैं, तो शिफ्ट में नमाज भी पढ़ सकते हैं।

भारतीय जनता पार्टी के आगरा सांसद राजकुमार चाहर सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के जिला प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने बकरीद और सड़क पर नमाज को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि धार्मिक परंपराओं का पालन सभी को करना चाहिए, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर नमाज और कुर्बानी उचित नहीं है।

सांसद ने कहा, मैं तो यही कह सकता हूं कि मुस्लिम वर्ग द्वारा बकरीद पर बलि देने की उनकी परंपरा है। वैसे हमारे सनातन धर्म में जो परंपराएं थी समय-समय पर जिनमें कुछ सुधार करने की जरूरत थी उनमें सुधार किया गया है। वैसे तो बकरे की बलि देने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन उनके धर्म में है तो ठीक है। उन्होंने कहा, मैं तो चांदनी चौक में उनके परिवारों में गया हूं, मैंने वहां देखा है यह लोग शिफ्ट में सोते हैं। आपने जनसंख्या इतनी क्यों बढ़ा रखी है। मैंने तो कई घरों को देखा है, घरों में शिफ्टों में सोने का काम करते हैं। तीन-तीन घंटे चार-चार घंटे शिफ्ट में सोते हैं। एक घर की क्षमता पांच आदमी की है और 30-40 लोग रहते हैं, ऐसे ही शिफ्ट में नमाज अदा करिए किसने मना किया है।

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निर्णय सही व सराहनीय है। इस दौरान भाजपा नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story