भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा नेताओं ने शनिवार को जैन मंदिर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए व एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम सम्बोधित ज्ञापन भी साैंपा।
जिलाध्यक्ष भाजपा महानगर डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर यूथ कांग्रेस ने देश की छवि खराब करने के लिए जाे कदम उठाया, वह निंदनीय है। जब भारत नवाचार के क्षेत्र में दुनिया के सामने अपनी पहचान बना रहा है, तब ऐसे प्रदर्शन देश को बदनाम करने की कोशिश है। जिलाध्यक्ष भाजयुमो महानगर अंकित तिवारी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां देश की छवि को धूमिल करती हैं और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। कांग्रेस नेताओं के इस कार्य से भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। इस प्रकार का आचरण देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि के अनुरूप नहीं है। यह राजनीतिक शिष्टाचार के विरुद्ध है।
जिला संयोजक स्थानीय निकाय दीपक गुप्ता कालू ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित आई सबमिट के दौरान कांग्रेसी नेताओं द्वारा कथित तौर पर अर्धनग्न अवस्था में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करना कांग्रेस की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। पुतला दहन करने वालो में शैलेंद्र गुप्ता शालू, आकाश गुप्ता, उदय प्रताप सिंह, सुरेंद्र राठौर, नमन बंसल,गौतम कुशवाहा, देश दीपक राजा, प्राचीर सेठ,भारत सिंह वर्मा, रामनरेश कटारा आदि रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

