संसद में विपक्षी गठबंधन का आचरण अलोकतांत्रिक व महिला विरोधी : बबीता चौहान

WhatsApp Channel Join Now
संसद में विपक्षी गठबंधन का आचरण अलोकतांत्रिक व महिला विरोधी : बबीता चौहान


फिरोजाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा रविवार को 'महिला जन आक्रोश पदयात्रा' महानगर जिलाध्यक्ष डॉक्टर सतीश दिवाकर एवं उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में निकाली गई। इस दौरान पार्टी ने विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कहा कि विपक्ष ने संसद में महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर देश की आधी आबादी के हितों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके को महिला-विरोधी मानसिकता वाला बताया।

उन्होंने उसे संसद में संविधान (131वां संशोधन), परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयकों पर विपक्ष के विरोध को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। अध्यक्षा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं को नीति-निर्माण में भागीदारी देना उनका अधिकार है, न कि कोई उपकार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि परिसीमन प्रक्रिया से किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा। मंच से दिए गए संदेशों में नारी शक्ति को जागरूक और निर्णायक बताते हुए विपक्ष को चेतावनी भी दी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ सतीश दिवाकर ने कहा कि भाजपा महिलाओं को राजनीति और नीति-निर्माण में भागीदारी देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है 16 व 17 अप्रैल को संसद में विपक्षी गठबंधन के आचरण की निंदा करते हुए इसे अलोकतांत्रिक और महिला विरोधी बताया। महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में हिस्सा देना उनका अधिकार है, जिसे वर्षों तक रोका गया।

मन की बात कार्यक्रम के संयोजक अंकित तिवारी व महिला जन आक्रोश रैली व संगोष्ठी की संयोजक अनुपम शर्मा रही। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुई। उन्होंने स्मार्ट मीटर पर महिलाओं के आंदोलन को विपक्षी दलों की साजिश बताया। उन्होंने बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष नानक चंद्र अग्रवाल, सिरसागंज अध्यक्ष रंजना सिंह, मक्खनपुर चेयरमैन गीता देवी धनगर, मनोरमा गुप्ता, दुर्गेश यादव, राम लड़ेंती लकी, विमलेश जाटव, नीलम दिवाकर, किरण राठौड़, शांति देवी वर्मा, पार्षद पूनम शर्मा, पार्षद उषा देवी, नीता धनगर आदि कार्यकर्ता बंधु उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story